आत्मालाप-14: आप क्या कर लीजिएगा


                        आप क्या कर लीजिएगा...

                                               -अशोक प्रकाश

आप क्या कर लीजिएगा
अगर
मशीनें चुन लेंगी किसी को
आपके नाम से??...

इसको या उसको
घोषित किया जाएगा राजा
और
प्रजा बनने के लिए
अभिशप्त आप
टुकुर-टुकुर ताकते
मसोस रहे होंगे
किसी तख्त या चारपाई को!


आप क्या कर लीजिएगा
अगर
मतदाता बन जाएंगे मशीन
जाएंगे सिर्फ़ उधर
धक्का खाएंगे जिधर??...

किसी हत्यारे को
थमा देंगे
न्यायाधीश का प्रमाण-पत्र
और
क़त्लेआम को
घोषित कर दिया जाएगा
धर्मयुद्ध!

आप क्या कर लीजिएगा
अगर
खेतों में उगेंगे सिर्फ कांटे
रोटी के लिए दिखाए जाएंगे
बूचड़खानों के रास्ते ??...

आप क्या कर लीजिएगा
जब
आप के बच्चे
नहीं पहचानेंगे आपका चेहरा
और
भूल जाएंगे अपने गांव-
अपने देश का नाम!

आप क्या कर लीजिएगा??  ★★★

Comments

Popular posts from this blog

नियमकाल में बुलडोजर के नियम

हम देश, हमारा देश- 1: ऐ बनारसी विकास

कार्ल मार्क्स, मार्क्सवाद और उनके विरोधी